सरायपाली

सरायपाली के जे.बी. अस्पताल में जटिल सर्जरी सफल, महिला के पेट से निकाला गया 15 किलो का विशाल ट्यूमर

देशराज दास सरायपाली। जे.बी. अस्पताल सरायपाली में वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. रेणु वशिष्ठ एवं उनकी कुशल मेडिकल टीम ने एक जटिल एवं जोखिमपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। डॉक्टरों की टीम ने महिला मरीज के पेट से करीब 15 किलोग्राम वजनी विशालकाय ट्यूमर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, महिला मरीज पिछले काफी समय से पेट में तेज दर्द और असामान्य रूप से बढ़ती सूजन से परेशान थी। लगातार तकलीफ के बाद जब मरीज की चिकित्सकीय जांच कराई गई तो उसके पेट में एक बड़ी गांठ होने की पुष्टि हुई। ट्यूमर के विशाल आकार और मरीज की स्थिति को देखते हुए ऑपरेशन को चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. रेणु वशिष्ठ के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने पूरी सावधानी और पूर्व नियोजित रणनीति के साथ सर्जरी की। कई घंटों की मेहनत के बाद टीम ने महिला के पेट से लगभग 15 किलोग्राम वजन वाले विशाल ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल लिया।

सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज के परिजनों ने डॉ. रेणु वशिष्ठ सहित जे.बी. अस्पताल की पूरी मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया।

समय पर जांच जरूरी : डॉ. रेणु वशिष्ठ
डॉ. रेणु वशिष्ठ ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह देते हुए कहा कि पेट में लंबे समय तक दर्द, असामान्य सूजन या किसी प्रकार की गांठ महसूस होने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और उचित उपचार से गंभीर परिस्थितियों से बचा जा सकता है।

जे.बी. अस्पताल की टीम की इस सफल सर्जरी से सरायपाली एवं आसपास के क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं जटिल चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होने का भरोसा और मजबूत हुआ है।

Back to top button