छत्तीसगढ़ के किसानो के लिए दिवाली का डबल तोहफा , पीएम किसान सम्मान निधि के साथ प्रदेश सरकार भी राजीव गाँधी किसान न्याय योजना की तीसरी क़िस्त आज जारी करेंगे

रायपुर: हिंदू धर्म का सबसे बड़ा त्योहार दिवाली अब से कुछ ही दिन में मनाया जाएगा। देशभर में दिवाली के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी है। वहीं, दूसरी ओर केंद्र और राज्यों की सरकारें कर्मचारियों को सौगात देने में लगे हुए हैं। वहीं, आज किसानों के लिए बड़ा दिन है। आज किसानों के खाते में पीएम मोदी पीएम सम्मान निधि और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल राजीव गांधी किसान न्याय योजना का पैसा ट्रांसफर करेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को राजधानी के पूसा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) में पीएम किसान सम्मान सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से पीएम-किसान योजना के तहत किसानों को 16,000 करोड़ रुपये की राशि की 12वीं किस्त जारी करेंगे।
साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 17 अक्टूबर को अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार की तीन महत्वाकांक्षी योजनाओं राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों, गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर विक्रेता ग्रामीणों और पशुपालकों तथा राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत हितग्राहियों के खाते में कुल 1866 करोड़ 39 लाख 32 हजार रुपये का ऑनलाईन अंतरण करेंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और बाजारों की रौनक बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री इसके साथ ही साथ प्रदेश में नवगठित 10 राजस्व अनुविभागों और 25 तहसीलों का उद्घाटन करेंगे तथा नामांतरण प्रक्रिया के सरलीकरण के लिए नामांतरण पोर्टल के नये वर्जन का शुभारंभ भी करेंगे।
मुख्यमंत्री बघेल ’राजीव गांधी किसान न्याय योजना’ की वर्ष 2021-22 की तीसरी किस्त के रूप में प्रदेश के 23 लाख 99 हजार 615 किसानों को कुल 1745 करोड़ रूपए, ’राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना’ के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 की राशि के रूप में 4 लाख 66 हजार 880 हितग्राहियों को 115 करोड़ 80 लाख 32 हजार रुपये और गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को 5 करोड़ 59 लाख रुपये की राशि का ऑनलाईन भुगतान करेंगे। इस तरह मुख्यमंत्री एक ही दिन में तीनों योजनाओं के हितग्राहियों के खाते में कुल 1866 करोड़ 39 लाख 32 हजार रुपये का ऑनलाईन अंतरण करेंगे।