देश-विदेश

फेसबुक पर दोस्ती का झांसा, 2 नाबालिग लड़कियों से रेप

नेशनल डेस्क नई दिल्ली। कंझावला इलाके की तीन लड़कियों की दोस्ती फेसबुक के जरिए कुछ लड़कों से हो गई। लड़कियां इनके झांसे में आकर घर से चली गईं। आरोपी लड़कों ने सोनीपत ले जाकर दो लड़कियों का यौन शोषण किया। इसके बाद वापस तीनों को कंझावला इलाके छोड़ गए। इस वारदात से आहत लड़कियां घर जाने के बजाय पुरानी दिल्ली के नबी करीम इलाके में किराए पर रहने लगीं।

कंझावला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई तो क्राइम ब्रांच की टीम ने इन्हें खोज निकाला। इनकी आपबीती सुनने के बाद कंझावला थाने में रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपी लड़कों की तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, कंझावला थाने में मंगलवार को तीन लड़कियों के घर से गायब होने की सूचना मिली। लोकल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें खोजबीन में लग गईं। टेक्निकल सर्विलांस में एक लड़की के फोन की लोकेशन कुछ समय के लिए पहाड़गंज के आसपास की मिली। पुलिस ने लोकेशन वाली जगह के आसपास खोजबीन की। गुरुवार सुबह लड़कियों को एक घर से बरामद कर लिया गया। लड़कियां किराए पर रह रही थीं। सभी दिल्ली से बाहर जाने की फिराक में थीं।

Back to top button
error: Content is protected !!