बसना:बिछिया (सा) में सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों की उमड़ी भीड़, 241 आवेदन पहुंचे; 53 का मौके पर ही निराकरण
एग्रीटेक पंजीयन की परेशानी से लेकर दस्तावेजों तक की समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीण, 188 आवेदन विभागों को भेजे

बसना: विकासखंड के ग्राम बिछिया (सा) स्थित हायर सेकंडरी स्कूल में 25 वर्ष सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर समाधान देने की पहल नजर आई। क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी मांगों और समस्याओं से जुड़े 241 आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें 53 प्रकरणों का अधिकारियों ने मौके पर ही निराकरण किया, जबकि 188 आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। शिविर का निरीक्षण अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, एसडीएम हरिशंकर पैकरा और जनपद सीईओ पीयूष सिंह ठाकुर ने किया।
अधिकारियों ने विभागवार लगाए गए स्टॉलों का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं की स्थिति जानी। इस दौरान किसानों ने एग्रीटेक पंजीयन में आ रही तकनीकी एवं प्रक्रियागत दिक्कतों की जानकारी अधिकारियों को दी। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर पात्र किसानों को नियमानुसार सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अनुसूचित आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान ने कहा कि सेवा संकल्प का मूल उद्देश्य सरकारी योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखकर जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि किसी योजना का लाभ लेने में परेशानी हो तो वे अपनी समस्या शिविर के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाएं। एसडीएम हरिशंकर पैकरा ने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं मिल रही हैं।
प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद सीईओ पीयूष सिंह ठाकुर ने कहा कि सेवा सेतु शिविर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। इसका उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है।
शिविर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं और आरसेटी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र, किसानों को ऋण पुस्तिका तथा हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न दस्तावेज वितरित किए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति देवकी पुरुषोत्तम छत्तीसगढ़िया, कुमारी भास्कर, जनपद अध्यक्ष डिगेश्वरी निराला, तहसीलदार नितीन ठाकुर, नायब तहसीलदार ललित सिंह, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी रामसिंह मिरी सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।