भंवरपुर

बसना/भंवरपुर: उड़ेला में घर के बाड़ी में छिपाकर रखी थी अवैध महुआ शराब,आरोपी गिरफ्तार

भंवरपुर पुलिस की कार्रवाई, 4 हजार रुपये की शराब जब्त, आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में मामला दर्ज

बसना। अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत भंवरपुर पुलिस ने ग्राम उड़ेला में जमुना प्रसाद रात्रे के बाड़ी में दबिश देकर 20 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 अक्टूबर 2026 को भंवरपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम उड़ेला निवासी जमुना प्रसाद रात्रे (42 वर्ष) अपने बाड़ी में अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस ने मौके से जमुना प्रसाद रात्रे को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके बाड़ी के पास नीले रंग के 30 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक ड्रम में करीब 20 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब मिली। पुलिस ने बरामद शराब को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर सीलबंद किया।

पुलिस के अनुसार शराब रखने एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत करने के लिए आरोपी को नोटिस दिया गया, लेकिन उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अंजना चन्द्रा, सउनि प्रकाश नंद, प्रधान आरक्षक परमानंद रथ सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।

Back to top button