महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन अलग-अलग स्थानों से तीन युवक धारदार हथियारों सहित गिरफ्तार

महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को धारदार हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार 17 जुलाई 2026 को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संजय कानन गार्डन के पास एक युवक धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आशीष छत्तर (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 10 पुटका, थाना सरायपाली को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लेजर लाइट एवं दिशा सूचक यंत्र (कंपास) लगे विशेष प्रकार का धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी चाकू रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी दिन एक अन्य कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि खैरा चौक के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लोकेश्वर सोनवानी (21 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 8 टिकरापारा, खैरा को पकड़कर उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया। पूछताछ में वह भी हथियार रखने का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज किया।
तीसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि भलेसर रोड पुलिया के पास एक युवक लोहे का कत्ता लेकर घूम रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करण महानंद (20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 9 बुगलु चौक, नयापारा महासमुंद को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 12 इंच लंबा लोहे का कत्ता बरामद हुआ। आरोपी हथियार रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की।
तीनों मामलों में बरामद हथियारों को जब्त कर तीनो को गिरफ्तार किया गया तथा गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई। महासमुंद पुलिस ने बताया कि जिले में असामाजिक तत्वों एवं अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।