महासमुंद

महासमुंद: मोमोज व चाय दुकान को लेकर दो पक्षों में विवाद, दोनों ओर से मारपीट का मामला दर्ज

एफसीआई के सामने दुकान लगाने को लेकर हुआ विवाद, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए मारपीट और धमकी के आरोप

देशराज दास महासमुंद। शहर के एफसीआई के सामने खाली स्थान पर दुकान लगाने को लेकर शुक्रवार दोपहर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चंचल सोनवानी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका परिवार पिछले करीब चार वर्षों से एफसीआई के सामने चाय की दुकान लगाता रहा है। शुक्रवार दोपहर वह अपनी बहन पुष्पा सोनवानी और मां उर्मिला सोनवानी के साथ बाजार से लौट रही थीं। उसी दौरान उन्होंने देखा कि महेश जगत का परिवार उसी स्थान पर दुकान लगा रहा है। उन्होंने पास में दुकान लगाने का आग्रह किया, जिस पर विवाद शुरू हो गया। चंचल का आरोप है कि महेश जगत, उनके बेटे, बेटी और पत्नी ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों एवं पत्थर से मारपीट की। शिकायत में महेश जगत द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मारपीट में चंचल के कंधे और सिर तथा उनकी मां उर्मिला सोनवानी के सिर में चोट आने की बात कही गई है।

वही पूनम जगत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि वह अपनी बहन जसवंती जगत के साथ एफसीआई के सामने खाली जगह पर मोमोज की दुकान लगा रही थीं। इसी दौरान पुष्पा सोनवानी और उनकी मां वहां पहुंचीं तथा उक्त स्थान पर अपनी दुकान लगने की बात कहते हुए दुकान हटाने को कहा। पूनम का आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों महिलाओं ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई प्रियांशु जगत के साथ भी मारपीट की गई। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मारपीट में प्रियांशु के होंठ तथा पूनम के गाल में चोट आने की बात कही गई है।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Back to top button