महासमुंद: 24 जून 2026 को सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होगी ग्राम सभा, ग्रामीणों से दावा-आपत्ति भी ली जाएगी
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लिए ग्राम सभा में होगा आवास प्लस 2.0 प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक वाचन

देशराज दास महासमुंद: ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के आधार पर तैयार प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक वाचन 24 जून 2026 को ग्राम सभा में किया जाएगा।
ग्राम पंचायत भवन में आयोजित होने वाली ग्राम सभा में सूची का अवलोकन ग्रामीणों के समक्ष किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार ग्राम सभा में योजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार की जाएगी।
इस दौरान ग्रामीणों से दावा-आपत्ति प्राप्त कर नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। ग्राम सभा से अनुमोदन मिलने के बाद अंतिम सूची को आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा।
इन 12 मापदंडों के आधार पर होगा परिवारों का सत्यापन
1. पक्का घर रखने वाले परिवार
2. दो से अधिक कमरों वाले पक्के मकान में रहने वाले परिवार
3. मोटर चालित तीन या चार पहिया वाहन वाले परिवार
4. यंत्रीकृत कृषि उपकरण रखने वाले परिवार
5. 50 हजार रुपये या उससे अधिक क्रेडिट लिमिट वाले किसान क्रेडिट कार्ड धारक परिवार
6. सरकारी नौकरी वाले परिवार
7. पंजीकृत गैर-कृषि उद्यम वाले परिवार
8. 15 हजार रुपये से अधिक मासिक आय वाले परिवार
9. आयकर देने वाले परिवार
10. व्यावसायिक कर देने वाले परिवार
11. 2.5 एकड़ या अधिक सिंचित भूमि वाले परिवार
12. 5 एकड़ या अधिक असिंचित भूमि वाले परिवार
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे 24 जून 2026 को होने वाली ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने अधिकारों एवं गांव के विकास में भागीदारी निभाएं।