बसना: सेंट स्टीफेंस मॉडल स्कूल की ईशा गुप्ता बनीं आईएससी टॉपर,कला संकाय से उत्कृष्ट प्रदर्शन, दो वर्षों तक रहीं स्कूल कैप्टन

बसना। सेंट स्टीफेंस मॉडल स्कूल, जगदीशपुर की छात्रा ईशा गुप्ता ने आईएससी (कक्षा 12वीं) परीक्षा 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है।
कला संकाय की मेधावी छात्रा ईशा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से यह सफलता अर्जित की। विशेष बात यह रही कि वह लगातार दो वर्षों तक विद्यालय की स्कूल कैप्टन भी रहीं और अपनी नेतृत्व क्षमता का बेहतरीन परिचय दिया।
परिवार ने जताया गर्व
ईशा के पिता एवं बसना नगर उपाध्यक्ष श्री शीत गुप्ता ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके परिवार के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि ईशा ने नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की पूरी शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की है। स्कूल कैप्टन के रूप में मिली जिम्मेदारियों ने उसके व्यक्तित्व को और निखारा। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्कारों को दिया तथा पूरे विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस सफलता पर हर्ष जताया।
प्राचार्य ने दी बधाई
विद्यालय के प्राचार्य ने ईशा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उसने यह साबित कर दिया है कि कला संकाय के विद्यार्थी भी किसी से कम नहीं होते। स्कूल कैप्टन के रूप में उसके अनुशासन और नेतृत्व ने हमेशा प्रेरणा दी है। उसकी एकाग्रता और शिक्षकों का मार्गदर्शन इस सफलता की नींव रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं सभी छात्र-छात्राओं ने ईशा गुप्ता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे इस उपलब्धि पर बधाई दी है।