हरिनाम संकीर्तन के रंग में रंगेगा बसना, 16-17 अप्रैल को आयोजन
बसना में अष्टप्रहरी नामयज्ञ का आयोजन, श्रद्धालुओं को किया गया आमंत्रित

देशराज दास बसना। नगर के कृषि उपज मंडी परिसर में 16 और 17 अप्रैल 2026 को भव्य अष्टप्रहरी श्री हरिनाम यज्ञ संकीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। बसना राइस मिल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं को सपरिवार शामिल होकर पुण्य लाभ लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत 16 अप्रैल गुरुवार को प्रातः 9 बजे कलश स्थापना के साथ होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे से नाम संकीर्तन का शुभारंभ किया जाएगा। वहीं 17 अप्रैल शुक्रवार को दोपहर 12 बजे बैठक, पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।
इस दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा से आई विभिन्न प्रसिद्ध संकीर्तन मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। इनमें लक्ष्मीप्रिया संकीर्तन मंडली मानपुर, श्री कृष्ण संकीर्तन मंडली असुरसुंडा, मां सप्तसती संकीर्तन मंडली रतिभांठा, शिशु जगन्नाथ कीर्तन मंडली दुर्गापाली, मां विश्ववासिनी संकीर्तन मंडली भगत सरायपाली तथा नीलमाधव महिला संकीर्तन मंडली परसाला प्रमुख रूप से शामिल हैं।
आयोजन समिति ने बताया कि यह कार्यक्रम चैतन्य महाप्रभु की कृपा से आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करना है।
बसना राइस मिल एसोसिएशन एवं समस्त नागरिकों ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।