बसना

बसना में कृषि जमीन पर प्लाटिंग का खेल, प्रशासन ने मांगी जांच रिपोर्ट

खबर के बाद बढ़ी हलचल, SDM ने पटवारी को भेजा जांच के लिए

देशराज दास बसना। नगर क्षेत्र और आसपास के गांवों में लंबे समय से चल रहे अवैध प्लाटिंग और कॉलोनी निर्माण के मामले में अब प्रशासन सक्रिय होता नजर आ रहा है। समाचार प्रकाशित होने और शिकायत मिलने के बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने संबंधित स्थानों की जांच के निर्देश दिए हैं। कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बसना, द्वारा जारी आदेश में राजस्व निरीक्षक और संबंधित पटवारियों को शिकायत में उल्लेखित स्थानों का संयुक्त स्थल निरीक्षण कर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि नगर पंचायत बसना एवं शहर से लगे ग्राम पंचायत बंसुला,अरेकेल और खेमड़ा क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से बिना एनओसी के कॉलोनियों का निर्माण और प्लाटिंग का कारोबार तेजी से चल रहा है। इसमें टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के नियमों को दरकिनार करते हुए कॉलोनाइजर एक्ट का भी पालन नहीं किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि भूमि को छोटे-छोटे प्लॉट में काटकर बेचा जा रहा है, जिससे जमीन की कीमतें मनमाने ढंग से बढ़ गई हैं और लोगों के साथ कॉलोनी के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

शिकायत के अनुसार बसना नगर क्षेत्र के कई स्थानों पर बिना अनुमति (NOC) और कॉलोनाइजर एक्ट का उल्लंघन करते हुए कृषि भूमि पर अवैध प्लाटिंग की जा रही है। जांच के लिए श्याम विहार कॉलोनी, अरेकल मार्ग, बनारसी कॉम्प्लेक्स क्षेत्र एवं सोनी कॉलोनी सहित अन्य स्थानों का उल्लेख किया गया है।

नगर पंचायत बसना के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूरज सिदार ने बताया कि संबंधित कॉलोनी के संबंध में दो बार नोटिस जारी किया गया था, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि कॉलोनी का निर्माण बिना वैधानिक अनुमति के किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत द्वारा जल्द ही टीम गठित कर कॉलोनी स्थल पर जाकर जांच की जाएगी। जांच के दौरान यदि संबंधित व्यक्ति द्वारा कॉलोनी से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं तो कॉलोनी को अवैध घोषित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इन स्थानों पर चल रही प्लाटिंग
बसना नगर सहित आसपास के कई स्थानों पर अवैध प्लाटिंग किया जा रहा है। इनमें प्रमुख रूप से श्याम विहार कॉलोनी (गुरुनानक धर्मशाला के पीछे), साई विहार, कौशल्या विहार, श्रीजी विहार (वार्ड क्रमांक 6), टिकरापारा, वार्ड नंबर 2, बसना-पदमपुर मार्ग किनारा, बसना-बंसूला सीमा क्षेत्र में संजय बर्तन वाले के घर के पास, अरेकेल डिपा क्षेत्र तथा खेमड़ा पंचायत अंतर्गत सोनी कॉलोनी क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कृषि भूमि पर कॉलोनी बनाकर प्लॉटों की खरीदी-बिक्री जारी है।

जांच प्रतिवेदन के बाद होगी कार्रवाई
इस संबंध में एसडीएम हरिशंकर पैकरा ने मौखिक रूप से बताया कि कॉलोनी निर्माण को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच के लिए पटवारी को निर्देशित किया गया है और उनसे जांच प्रतिवेदन मांगा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गढ़फुलझर दौरे में सौंपा जाएगा शिकायत पत्र

लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन की इस जांच के बाद अवैध कॉलोनियों पर कितनी सख्ती से कार्रवाई होती है।

Back to top button