महासमुंद

महासमुंद: सिगरेट पिलाने से मना करने पर विवाद, चाकू और टंगिया से प्राणघातक हमला,बीच-बचाव करने आए दो युवकों को भी लगी गंभीर चोट

महासमुंद। नयापारा वार्ड क्रमांक 06 में सिगरेट पिलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही घंटों में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि पहले विवाद के दौरान दो भाइयों ने एक युवक के साथ मारपीट की। इसके बाद शाम को उसी विवाद को लेकर आरोपी पक्ष के दो लोग युवक के घर के सामने पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने आए दो युवकों पर चाकू और टंगिया से हमला किए जाने का आरोप है।

पुलिस को दिए बयान के अनुसार, वेंकट राव ने बताया कि वह वेल्डिंग का काम करता है। 22 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे मोहल्ले में अश्वनी ध्रुव और तिरथ साहू सिगरेट पी रहे थे। इसी दौरान वेंकट राव ने अश्वनी से सिगरेट पिलाने को कहा। आरोप है कि इस बात पर तिरथ साहू ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर तिरथ ने अपने बड़े भाई सुखदेव साहू को बुला लिया और दोनों ने मिलकर वेंकट राव के साथ मारपीट की।

शिकायत के मुताबिक, उसी विवाद को लेकर शाम करीब 4 बजे सुखदेव साहू और उसके पिता बिसम्भर साहू वेंकट राव के घर के सामने पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। वेंकट द्वारा विरोध करने पर दोनों ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों पर भी हमला
मारपीट देखकर वेंकट राव के दोस्त सज्जू खान और राकेश चौहान बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान सुखदेव साहू ने चाकू और बिसम्भर साहू ने टंगिया से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में सज्जू खान के सीना और गर्दन तथा राकेश चौहान के हाथ और कमर के पीछे गंभीर चोटें आने की बात शिकायत में कही गई है।

वेंकट राव के अनुसार, मारपीट में उसके बाएं हाथ की उंगली, दाहिनी कोहनी और कमर में भी चोट आई है। सभी घायलों को उपचार के लिए अकालपुरख अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आदित्य अस्पताल रेफर किया गया। वहां घायलों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

घटना के संबंध में वेंकट राव ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना के दौरान पूनम नेताम और लाला विश्वकर्मा मौके पर मौजूद थे और उन्होंने घटना को देखा-सुना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Back to top button