महासमुंद: हनुमान मंदिर में चोरी, 29 हजार रुपये का सामान पार

महासमुंद। वार्ड क्रमांक 02 इमलीभाठा स्थित हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों ने रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से पीतल के बड़े घंटे, तांबे के पूजा-पात्र, चांदी के नेत्र, एम्पलीफायर सहित दान पेटी में रखी नकदी चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 29 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, यह चोरी 21 अगस्त की रात करीब 10 बजे से 22 अगस्त की सुबह 7:30 बजे के बीच हुई। मंदिर समिति से जुड़े आवेदक दीपक साहू के अनुसार, अज्ञात चोर मंदिर से 3 नग बड़े पीतल के घंटे, 1 तांबे की कलश, 2 तांबे के लोटे, 1 फूल कांच की थाली, 6 नग चांदी के नेत्र तथा करीब 4 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इसके अलावा मंदिर का एम्पलीफायर, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है, भी चोर अपने साथ ले गए।
मंदिर में चोरी की जानकारी 22 अगस्त की सुबह हुई। इसके बाद आसपास खोजबीन की गई, लेकिन चोरी गए सामान का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के बाद मंदिर समिति एवं श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
मामले को लेकर मंदिर समिति की ओर से थाना महासमुंद में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।