महासमुंद

बड़ी खबर: सीएम विष्णुदेव साय के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी, सड़क मार्ग से सारंगढ़ के लिए हुए रवाना

सारंगढ़ दौरे पर जाने से ठीक पहले आई समस्या, सीएम के साथ अजय जामवाल और किरण सिंहदेव भी थे मौजूद। तकनीकी दल जांच में जुटा।

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हेलिकॉप्टर में आज उस वक्त एक बड़ी तकनीकी खराबी आ गई, जब वे राजधानी रायपुर से सारंगढ़ के लिए उड़ान भरने वाले थे। खराबी का पता चलते ही पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए उड़ान को रोक दिया। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री और उनके साथ मौजूद अन्य नेताओं को हेलिकॉप्टर से उतार लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ हेलिकॉप्टर में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव भी मौजूद थे। जैसे ही हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरने की तैयारी की, पायलट को एक तकनीकी समस्या का अंदेशा हुआ, जिसके बाद तत्काल उड़ान रद्द कर दी गई।

इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, अजय जामवाल और किरण सिंहदेव पास के वेटिंग रूम में इंतजार करने लगे। इसी बीच, तकनीकी दल को तुरंत मौके पर बुलाया गया और वे हेलिकॉप्टर की जांच में जुट गए हैं ताकि खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके।

अपने महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में देरी न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने अपना दौरा रद्द नहीं किया। सूत्रों से मिली ताजा जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अब सड़क मार्ग से कार द्वारा सारंगढ़ के लिए रवाना होंगे। उनके साथ अन्य नेता भी काफिले में शामिल रहेंगे।

क्या है मुख्यमंत्री का आज का कार्यक्रम?

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री को आज सारंगढ़ में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होना है। सारंगढ़ के कार्यक्रम के पश्चात वे महासमुंद जिले के बसना अनुभाग स्थित ग्राम दुर्गापाली भी जाएंगे। दुर्गापाली में वे दो प्रमुख कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे – पहला, “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण अभियान और दूसरा, तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए आयोजित “चरण पादुका वितरण” कार्यक्रम। मुख्यमंत्री ने इन कार्यक्रमों के महत्व को देखते हुए हेलिकॉप्टर में खराबी के बावजूद सड़क मार्ग से अपनी यात्रा जारी रखने का निर्णय लिया।

Back to top button