महासमुंद

धोखाधड़ी:गढ़सिवनी,अछोला,जोबा में व्यापारी ने धान खरीदा और बिना रुपए दिए हो गया फरार

महासमुंद 11 अगस्त।महासमुंद विकासखंड के ग्राम गढ़सिवनी, अछोला, जोबा, कागदेही, कुकराडीह के ग्रामीणों से धान खरीदने वाला व्यापारी बगैर पैसे दिए फरार हो गया। किसान व्यापारी की शिकायत लेकर थाने पहुंचे, जहां उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद किसानों पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा के पास पहुंचकर अपनी समस्या बताई।

किसानों ने बताया कि वर्ष 2019-20 में क्षेत्र के ग्रामीणों ने खरीफ फसल का धान ग्राम परसाडीह के किराना व्यापारी खोमनलाल सोनकर को प्रति क्विंटल 1750 रुपए की दर से बेचा था। लेकिन व्यापारी द्वारा अब तक किसानों को भुगतान नहीं किया गया है। यही नहीं कुछ दिन पहले ही खोमन लाल परसाडीह से अपने परिवार सहित फरार हो गया।

किसानों ने परसाडीह के ग्रामीणों को इस बात से बैठक कर अवगत कराया गया। साथ ही तुमगांव थाना पहुंचकर मामले की जानकारी दी, लेकिन इस संबंध में थाने में एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ चोपड़ा ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से फोन कर चर्चा की।

इस पर दोनों ही अधिकारियों ने मामले में जल्द ही कार्रवाई करने की बात कही। इस दौरान गढ़सिवनी से सुरेश साहू, निलकंट साहू, मोती राम यादव, गोविंद साहू, राधेश्याम साहू, जोबा से हिराधर साहू, यमूनाप्रसाद साहू, रधुवीर यादव, यादराम साहू, बुधारू यादव, भारत साहू, नरेश साहू, घसियाराम साहू, अछोला से प्रेमलाल साहू, हेमलाल यादव, कागदेही से आत्माराम साहू, रामकुमार निषाद, जगमोहन निषाद, हरक साहू उपस्थित थे.

Back to top button