महासमुंद

सिरपुर में उद्यानों की देखभाल करने वाले श्रमिक हड़ताल पर,दो महीने से काम बंद, श्रमिक बेरोजगार और गार्डन हो रहे बदहाल

महासमुंद. सिरपुर में प्राचीन इमारतों के आसपास विकसित किए उद्यानों की देखरेख व साफ-सफाई का कार्य करने वाले दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों ने आज 19 नवंबर से बेमुद्दत हड़ताल शुरू कर दी है. अपनी मांगों को लेकर श्रमिक लक्ष्मण मंदिर गार्डन के सामने धरनारत हैं.

इन श्रमिकों का कहना है कि वे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग उद्यान मंडल चतुर्थ, भुनेश्वर ओडिशा के अंतर्गत सिरपुर में विगत 10-12 वर्षों से उद्यानों की देखरेख व साफ-सफाई का कार्य करते आ रहे हैं. लेकिन मंडल के अधिकारी व ठेकेदार की मिलीभगत से इन श्रमिकों को जबरदस्ती आउटसोर्सिंग ठेकेदारी में कार्य करने के लिए मजबूर किया गया और ठेकेदारी में डाल दिया गया.

उसके बाद 1 अक्टूबर से सभी श्रमिकों को ठेका समाप्त होने का हवाला देते हुए ठेकेदार ने अपना काम बंद कर दिया. विभाग की तरफ से भी कहा गया कि अभी ठेका नहीं हुआ है तो काम में मत आओ, जब ठेका होगा तब आना, कहते हुए काम बंद करा दिया गया. अब श्रमिकों के सामने स्थिति यह है कि परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो गया है.

श्रमिकों की मांग है कि उन्हें जल्द से जल्द काम पर वापस बुलाया जाए और वेतन में वृद्धि भी की जाए. ज्ञात हो कि सिरपुर में उत्खनन से निकले प्राचीन इमारतों, मंदिरों के इर्द-गिर्द अनेक छोटे-बड़े गार्डन बनाए गए हैं, जिनकी देखरेख में करीब 28 स्थानीय मजदूर दैनिक वेतनभोगी के तौर पर लगाए गए थे. उन्हें काम पर आने से मना कर दिया गया है. करीब दो महीने से गार्डनों की देखरेख का काम बंद है, जिससे गार्डनों की दुर्दशा हो रही है.

Back to top button