बसना: चोरों ने दुकान का रोशनदान तोड़कर की चोरी, 17,500 रुपये का सामान पार
च्वाइस सेंटर और किराना दुकान को बनाया निशाना, 12,500 रुपये नकद और मोबाइल लेकर फरार हुआ अज्ञात चोर

बसना। चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम नौगड़ी में चोरों ने एक कंप्यूटर एवं किराना दुकान को निशाना बनाते हुए रोशनदान तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर दुकान के गल्ले में रखे 12,500 रुपये नकद और एक रियलमी मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत 17,500 रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A) एवं 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
दुकान बंद कर घर गया था संचालक
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम नौगड़ी निवासी कुंजबिहारी पटेल (27 वर्ष), पिता द्रोण कुमार पटेल, भैंसाखुरी रोड नौगड़ी में कंप्यूटर एवं किराना दुकान संचालित करता है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 9 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे उसने दुकान के गल्ले में 12,500 रुपये नकद और रियलमी कंपनी का पुराना मोबाइल, जिसकी कीमत लगभग 5,000 रुपये है, रखा था। इसके बाद दुकान में ताला लगाकर वह अपने घर चला गया।
रोशनदान तोड़कर दुकान में घुसा चोर
10 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे जब कुंजबिहारी दुकान खोलने पहुंचा, तो उसने देखा कि दुकान का रोशनदान टूटा हुआ था। दुकान के अंदर जाकर जांच करने पर गल्ले में रखी नकदी और मोबाइल गायब मिले। अज्ञात व्यक्ति रोशनदान तोड़कर दुकान के भीतर घुसा और 17,500 रुपये मूल्य का सामान चोरी कर फरार हो गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के संबंध में कुंजबिहारी पटेल ने चौकी भंवरपुर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 305(A) एवं 331(4) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।