अपराध

बसना: सलखंड में महुआ शराब जब्त, महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट में मामला दर्ज

बसना। चौकी भंवरपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम सलखंड बाजार के आगे पक्की सड़क किनारे से एक महिला के कब्जे से 6 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1,200 रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने महिला के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:25 बजे चौकी भंवरपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सलखंड बाजार के आगे सड़क किनारे एक महिला द्वारा बिक्री के लिए महुआ शराब रखी गई है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक महिला को पकड़ा।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम कुंती मिर्धा (28 वर्ष), पति सहत्तर मिर्धा, निवासी वार्ड क्रमांक 10 सलखंड, चौकी भंवरपुर, थाना बसना बताया। महिला की तलाशी लिए जाने पर उसके कब्जे से अलग-अलग प्लास्टिक बोतलों में भरी कुल 6 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में महिला से वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद बरामद शराब को जब्ती पत्रक के माध्यम से जब्त कर सीलबंद किया गया।

पुलिस ने बताया कि महिला होने तथा घटना का समय रात्रि होने के कारण मौके पर तत्काल गिरफ्तारी नहीं की गई। महिला को BNSS की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर 11 अक्टूबर को थाना उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। मौके पर उसके विरुद्ध देहाती नालसी तैयार कर बाद में थाना बसना में असल अपराध क्रमांक कायम करने के लिए भेजा गया। इस कार्रवाई में मनोज मानिकपुरी की भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले की आगे विवेचना की जा रही है।

Back to top button