बसना: सेवा सेतु शिविर में शिकायत के बाद पटवारी की कार्यप्रणाली पर सवाल
लोहड़ीपुर, सनबाहली, पतेरापाली के ग्रामीणों ने एसडीएम से की शिकायत, काम में देरी और ऊंचे स्वर में बात करने का लगाया आरोप

बसना। सरकार ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सेवा शिविर आयोजित कर रही है, लेकिन इन्हीं शिविरों में राजस्व संबंधी कामकाज को लेकर ग्रामीणों की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। ऐसा ही मामला बसना तहसील के ग्राम पंचायत लोहड़ीपुर और आश्रित ग्राम सनबाहली व पतेरापाली का सामने आया है।
यहां दर्जनों ग्रामीणों ने हल्का पटवारी पर कार्यों के निराकरण में देरी और कथित तौर पर ऊंचे स्वर में बात करने का आरोप लगाते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से शिकायत की है। ग्रामीण अमितेष पटेल, बसंत कश्यप, दिनेश, लखेसिह कश्यप, गिरजानंद यादव, राजकुमार सिदार सहित अन्य ग्रामीणों ने एसडीएम हरिशंकर पैकरा को दिए आवेदन में बताया कि ग्राम पंचायत लोहड़ीपुर एवं आश्रित ग्राम सनबाहली और पतेरापाली के हल्का नंबर- 06 रानिम भंवरपुर में पटवारी खीरसागर पटेल पदस्थ हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पटवारी कार्यालय से जुड़े विभिन्न राजस्व कार्य समय पर नहीं होने के कारण किसानों और आम ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि काम के निराकरण में देरी होने से उन्हें बार-बार पटवारी के पास जाना पड़ता है। इससे समय और आर्थिक नुकसान के साथ ही आवश्यक राजस्व कार्यों में भी देरी हो रही है। आवेदन में पटवारी के व्यवहार को लेकर भी शिकायत करते हुए कहा गया है कि ग्रामीणों से ऊंचे स्वर में बात किए जाने से उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
सेवा सेतु शिविर में भी उठाया था मामला
ग्रामीणों के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद विद्यालय भंवरपुर में आयोजित सेवा सेतु शिविर में उन्होंने यह समस्या अधिकारियों के सामने रखी थी। शिविर में ग्रामीणों ने पटवारी की कार्यप्रणाली और लंबित राजस्व कार्यों की जानकारी देते हुए निराकरण की मांग की। इसके बाद ग्रामीणों ने लिखित शिकायत के माध्यम से एसडीएम से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
मामले में एसडीएम हरिशंकर पैकरा ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त हुई है। फिलहाल गिरदावरी का कार्य चल रहा है। गिरदावरी का कार्य पूरा होने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।