मां दुर्गा की आराधना से भक्तिमय होगा बसना अंचल, सजे भव्य पंडाल

बसना। शक्ति की उपासना, आस्था और भक्ति के महापर्व शारदीय नवरात्रि को लेकर बसना नगर सहित पूरे ग्रामीण अंचल में उत्साह का माहौल है। मां दुर्गा की आराधना के लिए श्रद्धालु तैयार हैं। आज से नगर और गांवों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही नौ दिनों तक पूरा अंचल भक्तिरस में सराबोर रहेगा। जगह-जगह भव्य पंडाल, आकर्षक झांकियां और रंग-बिरंगी रोशनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
नवरात्रि के स्वागत के लिए बसना नगर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रमुख चौक-चौराहों से लेकर बाजार क्षेत्रों तक आकर्षक सजावट की गई है। पंडालों को भव्य स्वरूप देने के साथ ही विद्युत साज-सज्जा और लाइटिंग पर विशेष ध्यान दिया गया है। शाम ढलते ही रोशनी से जगमगाते पंडाल और सजे-धजे मार्ग धार्मिक उत्सव की छटा बिखेरेंगे।
शहीद वीर नारायण सिंह चौक पर भव्य पंडाल, दुल्हन की तरह सजा परिसर
बसना के मुख्य चौक शहीद वीर नारायण सिंह चौक के समीप आदर्श दुर्गोत्सव समिति की ओर से भव्य पंडाल तैयार किया गया है। आकर्षक सजावट और मनमोहक विद्युत रोशनी से पूरा परिसर दुल्हन की तरह सजाया गया है। रात के समय रंग-बिरंगी लाइटिंग पंडाल की सुंदरता को और निखारेगी।
यहां मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, बाजार पड़ाव में भी भव्य और आकर्षक झांकी तैयार की गई है। पंडालों की सजावट और धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। नवरात्रि के दौरान पूजा-अर्चना, आरती और अन्य धार्मिक आयोजनों से नगर का वातावरण भक्तिमय रहेगा।
गांव-गांव में शक्ति की भक्ति, नौ दिनों तक होंगे विविध आयोजन
बसना नगर के साथ ग्रामीण अंचल में भी नवरात्रि को लेकर विशेष उत्साह है। गढ़फुलझर, गनेकेरा, बाराडोली, भूकेल, पौसरा और बरिहापाली सहित आसपास के कई गांवों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। विभिन्न दुर्गोत्सव समितियों की ओर से पंडालों को सजाने और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।