बसना: रंगोली में दिखे 36 किले, स्वच्छ भारत और पर्यावरण संरक्षण, सभापति प्रकाश सिन्हा ने की सराहना

बसना। पंडित जयदेव सतपथी महाविद्यालय, बसना में सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ “सेवा रंग” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा शामिल हुए।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई 17×17 फीट की विशाल थीम आधारित रंगोली रही। इस रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने “विकसित भारत” की परिकल्पना, छत्तीसगढ़ के 36 किलों, स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को बेहद सुंदर एवं रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।
रंगोली में कला के साथ-साथ विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण का संदेश देखने को मिला। विद्यार्थियों की इस अनूठी पहल ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों एवं महाविद्यालय परिवार का ध्यान आकर्षित किया। उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, मेहनत एवं सामाजिक जागरूकता की जमकर सराहना की।
मुख्य अतिथि प्रकाश सिन्हा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश के भविष्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों में प्रतिभा के साथ सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित होना बेहद आवश्यक है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा के माध्यम से समाज एवं देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, बसना एसडीएम हरिशंकर पैंकरा, सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा मीडिया प्रभारी नवीन साव, विधायक प्रतिनिधि सुकदेव वैष्णव, युवा पत्रकार मनहरण सोनवानी एवं महाविद्यालय के प्राचार्य श्री सुरेंद्र साव सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों की प्रतिभा ने दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश
“सेवा रंग” कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कला एवं रचनात्मकता के माध्यम से यह संदेश दिया कि सेवा केवल कार्य नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना है। 17×17 फीट की रंगोली ने विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता के साथ-साथ विकसित एवं स्वच्छ भारत के संकल्प को भी प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया।