बसना के खिलाड़ियों ने ग्वालियर में लहराया परचम, दोनों टीमों ने जीता प्रथम स्थान

बसना। ग्वालियर में 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित क्षेत्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसना के भैया-बहनों ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में चार क्षेत्रों से चयनित खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बाल वर्ग में दोनों टीमों ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के बाल वर्ग वॉलीबॉल में बसना के भैया वर्ग ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता अर्जित की। वहीं बहनों की टीम ने भी प्रथम स्थान हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा एवं टीम भावना का शानदार परिचय दिया। दोनों टीमों ने पूरे प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन, आत्मविश्वास, आपसी समन्वय और संघर्षशीलता के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए चयन
क्षेत्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर बसना के भैया-बहनों की दोनों विजेता टीमों का अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ी 22 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक ग्वालियर में आयोजित अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
विद्यालय परिवार ने दी बधाई
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय समिति, प्राचार्य, प्रधानाचार्य, आचार्य एवं दीदीगण ने विजेता भैया-बहनों एवं क्रीड़ा प्रमुख को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि चयनित खिलाड़ी अखिल भारतीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।