पंडवानी की अमर आवाज़ को श्रद्धांजलि: तीजन बाई का निधन लोककला जगत की अपूरणीय क्षति – मोक्ष कुमार प्रधान

देशराज दास महासमुंद/बसना। बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने पंडवानी गायन की विश्वविख्यात लोक कलाकार और पद्मश्री सम्मान से अलंकृत तीजन बाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि तीजन बाई का निधन छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और देश की सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने अपने शोक संदेश में कहा कि तीजन बाई ने अपने अद्वितीय गायन, प्रभावशाली प्रस्तुति और अथक साधना के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला पंडवानी को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई। उन्होंने अपने जीवनभर लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य किया तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि तीजन बाई का संघर्ष, समर्पण और कला के प्रति उनकी निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उनके निधन से कला, साहित्य और संस्कृति जगत ने एक ऐसी अमूल्य धरोहर खो दी है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा में उनका नाम सदैव सम्मान और गौरव के साथ स्मरण किया जाएगा।
मोक्ष कुमार प्रधान ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों एवं उनके असंख्य प्रशंसकों को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।