केला की आड़ में करोड़ों का गांजा: महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 912 किलो से ज्यादा जब्त

बसना। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 912.760 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार तस्कर केला परिवहन की आड़ में बोरियों के अंदर गांजा छुपाकर ले जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पलसापाली बैरियर के पास नाकाबंदी कर एक आईशर प्रो 2059 वाहन (AP 39 TT 4556) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में लदे केले के बीच 29 बोरियों में गांजा छिपाकर परिवहन करते हुए पाया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस ने न केवल गांजा जब्त किया, बल्कि परिवहन में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस को गुमराह करने के लिए तस्कर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा उड़ीसा से लाकर उत्तरप्रदेश सप्लाई किया जाना था।
मामले में झारखंड के जमशेदपुर निवासी 42 वर्षीय आरोपी अब्दुल नईम को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पिछले तीन महीनों में 72 प्रकरणों में कुल 5629.602 किलोग्राम गांजा जब्त कर 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें छत्तीसगढ़ के 52 और अन्य राज्यों के 135 आरोपी शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एसडीओपी ललिता मेहेर ने बताया कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती से अभियान चला रही है। ऑपरेशन निश्चय के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सूचना तंत्र को मजबूत कर अंतरराज्यीय तस्करी पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस मामले में भी पुलिस की मुस्तैदी और सतर्कता के कारण इतनी बड़ी खेप पकड़ में आई है। आगे भी इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
बसना थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर कार्रवाई की। वाहन की सघन जांच में केला की बोरियों के बीच छिपाकर गांजा परिवहन किया जा रहा था। आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का भी उपयोग कर रहा था। आरोपी से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।