सिंघोड़ा

सिंघोड़ा। पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 312 किलो गांजा जब्त, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सिंघोडा। थाना क्षेत्र में पुलिस ने नारकोटिक्स एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकेबंदी कर भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 312.590 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.56 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार- थाना सिंघोडा में पदस्थ उपनिरीक्षक कौशल साहू को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लाल रंग का टाटा 1916 FE ट्रक उड़ीसा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ होते हुए महाराष्ट्र की ओर जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने NH-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 15 प्लास्टिक बोरियों में भरा हुआ गांजा पाया गया। मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार कर गांजा को जब्त किया गया।

इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

रवि प्रकाश राउतकर (निवासी बालाघाट, मध्यप्रदेश)
इम्तियाज खान (निवासी मैसूर, कर्नाटक)

दोनों आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी में संलिप्त बताए जा रहे हैं। आरोपियों के कब्जे से एक ट्रक, मोबाइल फोन एवं अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की विवेचना की जा रही है।

Back to top button