महासमुंद

कोमाखान रेलवे स्टेशन पर पुलिस की दबिश, 11.420 किलो गांजा के साथ दो युवक गिरफ्तार, एक बालक हिरासत में

महासमुंद। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोमाखान पुलिस ने रेलवे स्टेशन में दबिश देकर गांजा तस्करी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.420 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 5 लाख 71 हजार रुपये है, बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोमाखान रेलवे स्टेशन के पास तीन व्यक्ति गांजा लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल रेलवे स्टेशन में घेराबंदी की और संदिग्ध अवस्था में खड़े तीनों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उनकी पहचान राहुल साहू (25) निवासी पौंसरी, थाना पथरिया, जिला मुंगेली, आयुष यादव (20) निवासी पथरिया, जिला मुंगेली तथा एक विधि से संघर्षरत बालक के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गांजा रामपुर, ओडिशा से पथरिया, जिला मुंगेली ले जाने की बात बताई। पुलिस ने उनके कब्जे से 11.420 किलो गांजा कीमत 5,71,000 रुपये तथा दो मोबाइल फोन कीमत 60,000 रुपये जब्त किए। इस तरह मामले में कुल 6 लाख 31 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

मामले में थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 129/2026, धारा 20(B)(II)(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

पुलिस की इस कार्रवाई से गांजे की खेप को ट्रेन के जरिए मुंगेली ले जाने की आरोपियों की योजना नाकाम हो गई।

Back to top button