प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अनियमितता की शिकायत, प्रशासन से जांच की मांग

देशराज दास बसना। तहसील बसना क्षेत्र में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल प्रयोग में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बसना को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में बताया गया है कि जिला महासमुंद के ब्लॉक बसना के कई गांवों में खरीफ वर्ष 2025-26 के दौरान फसल बीमा योजना के तहत किए गए फसल प्रयोग में भारी गड़बड़ी की आशंका जताई गई है। आवेदन के अनुसार फसल प्रयोग समिति के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा धान सिंचित फसल के लिए ग्राम भैंसाखुरी, पिताईपाली, बड़ेडाभा, सोनामुंदी, अंकारी, रूपापाली, छिर्राचुवां और बंसुलीडीह में प्रति हेक्टेयर औसत उत्पादन क्रमशः 1165.164, 1935.987, 1527.464, 1946.840, 1620.000, 1733.499, 1334.880 एवं 1877.760 किलोग्राम बताया गया है।
वहीं धान असिंचित फसल के लिए प्रति हेक्टेयर औसत उत्पादन क्रमशः 851.400, 1583.988, 1396.048, 882.868, 522.360, 1151.280, 803.160 एवं 969.441 किलोग्राम दर्ज किया गया है, जिस पर शिकायतकर्ता ने सवाल उठाते हुए इसे जांच का विषय बताया है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि फसल प्रयोग में शामिल कुछ अधिकारी-कर्मचारी किसानों को बीमा राशि दिलाने के नाम पर अनियमितता कर स्वयं लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही यह भी मांग की गई है कि संबंधित क्षेत्रों में वास्तविक धान उत्पादन, किसानों द्वारा किए गए विक्रय और समर्पित रकबे की भी जांच की जाए।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि खरीफ वर्ष 2024-25 में भी कुछ स्थानों पर औसत उत्पादन कम दिखाकर फसल बीमा राशि दिलाने की बात सामने आई थी, जिसकी भी जांच जरूरी बताई गई है।
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग की है।