बसना: केंद्र का बजट जनविरोधी, किसान और युवाओं के साथ अन्याय : मोक्ष कुमार प्रधान

बसना। जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए वर्ष 2026 के बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे जनविरोधी, किसान विरोधी और युवा विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतरता और इसमें गांव, किसान व खेती को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि बजट में किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर कोई ठोस और प्रभावी प्रावधान नहीं किया गया है। न तो धान खरीदी व्यवस्था को मजबूत करने की कोई स्पष्ट योजना है, न ही सिंचाई, खाद-बीज और कृषि संसाधनों के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया गया है। इससे प्रदेश के किसान खुद को ठगा और निराश महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक विकास और ग्रामीण विकास जैसे अहम क्षेत्रों में केवल कटौती ही दिखाई देती है। साथ ही गरीब कल्याण योजनाएं, फसल बीमा, खाद सब्सिडी तथा अनुसूचित जाति, जनजाति और कमजोर वर्गों के लिए संचालित योजनाओं में भी कमी की गई है, जिसका सीधा असर समाज के अंतिम व्यक्ति पर पड़ेगा।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि यह बजट कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता देने वाला है, जबकि आम जनता, किसान और ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं को दरकिनार कर दिया गया है। उन्होंने इसे बेरोजगार युवाओं के लिए पूरी तरह निराशाजनक बताया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश के लाखों पढ़े-लिखे युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन बजट में नई भर्तियों, रोजगार सृजन, स्वरोजगार, स्टार्टअप और कौशल विकास को लेकर कोई ठोस और प्रभावी घोषणा नहीं की गई है, जिससे युवाओं में गहरा आक्रोश और निराशा है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा
केंद्र सरकार का 2026 का बजट पूरी तरह जनविरोधी है। इसमें न किसान के लिए कुछ है, न गांव के लिए और न ही बेरोजगार युवाओं के लिए। खेती, धान खरीदी, सिंचाई, खाद-बीज जैसे बुनियादी मुद्दों को नजरअंदाज किया गया है। सरकार ने कॉरपोरेट को राहत दी है, लेकिन आम जनता की पीड़ा को अनदेखा किया है। यह बजट गरीब, किसान और युवाओं की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला है।