महिला स्वास्थ्य कर्मचारी से दुष्कर्म एक नाबालिग समेत दो युवक गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़- चिरिमिरी- भरतपुर जिले में 32 वर्षीय महिला स्वास्थ्यकर्मी के साथ बलात्कार के आरोप में पुलिस ने एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। इस कृत्य में नाबालिग का साथ देने वाले दो अन्य युवकों को भी पुलिस ने पकड़ा गया है जबकि एक अन्य फरार है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के झगराखंड थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक ग्राम पंचायत के उपस्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ महिला ने शुक्रवार को एक नाबालिग पर बलात्कार करने का आरोप लगाया है।उन्होंने बताया कि महिला ने शनिवार की सुबह पुलिस में शिकायत दी है कि शुक्रवार को दोपहर बाद 17 वर्षीय आरोपी लड़का अपने तीन साथियों रामकुमार (19), किशन पेनका (18) तथा एक अन्य के साथ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा और चाकू से डराकर उसे पकड़ लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल ने आज जंगल में छुपे नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया तथा रामकुमार और किशन को भी गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि एक अन्य आरोपी फरार है। तथा उन्होंने बताया कि पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर है।