सरायपाली

सरायपाली को जिला बनाने की कवायद तेज दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अभियान चलाने की जरूरत

सरायपाली: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला बनने के बाद सरायपाली को जिला बनाने की कवायद तेज हो गई है। पिछले दिनों सरायपाली विधायक किस्मत लाल नंद को विभिन्न सामाजिक संगठन से जुड़े लोग एवं शासकीय कर्मचारी अधिकारी संगठन के पदाधिकारियों ने मिलकर सरायपाली को जिला बनाने की मांग की है। लोगों को अब दलगत राजनीति से ऊपर उठकर फुलझर क्षेत्र को एक नया जिला बनाए जाने के लिए कमर कसने की आवश्यकता है।

राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी के परिणाम स्वरूप सरायपाली जिला बनने के तमाम संभावनाओं के बावजूद भी जिला बनने से वंचित रह गया है। वर्षो पुरानी महत्वकांक्षी मांग पूरी नहीं हो पा रही है। लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल क्षेत्र की जनता को नए जिले की सौगात दे सकते हैं। फुलझर अंचल उड़िया बाहुल्य क्षेत्र है। यह कभी फुलझर राज के नाम से प्रसिद्ध रहा है। जोंक नदी से लेकर रेहटीखोल एवं चिराल नदी से लेकर माता नाला तक का क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से जिला बनने के लिए अनुकूल है। मगर जिला बनाने की इच्छा शक्ति लोगों के दिलों में नहीं जग पाई है।

सरायपाली क्षेत्र से जिला मुख्यालय महासमुंद की दूरी करीब 120 से 150 किलोमीटर है। इतनी लंबी दूरी तय कर लोगों को न्याय मिल पाना काफी कष्टदायक एवं आर्थिक रूप से नुकसानदेह साबित हो रहा है। सरायपाली राजनीतिक रूप से एक सशक्त एवं मजबूत केंद्र रहा है। पंडित रविशंकर शुक्ल इसी विधानसभा क्षेत्र से चुनकर विधानसभा पहुंचे थे जहां उनकी मध्य प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में ताजपोशी हुई थी। इसी क्षेत्र से पंडित जयदेव सतपथी निर्विरोध विधायक बनने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। यही नहीं यहां से स्वर्गीय मोहनलाल चौधरी के रूप में एक सशक्त किसान नेता मिला था जिन्होंने सरायपाली को एक अलग पहचान दी थी। सरायपाली को जिला बनाने के लिए न सिर्फ भौगोलिक परिस्थिति अनुकूल है बल्कि सामाजिक राजनीतिक और आर्थिक रूप से भी जिला बनाने की माकूल परिस्थितियाँ हैं।

कमलेश साहू ने बताया कि फुलझर क्षेत्र में भैना राजवंश का कभी गौरवशाली इतिहास रहा है तथा यहां गोंड़ शासकों का लंबे समय तक शासन रहा है। कोरिया एवं लरिया संस्कृति की जुगलबंदी ने फुलझर क्षेत्र को एक अलग पहचान दी है। संपूर्ण फुलझर क्षेत्र को सम्मिलित करते हुए एक नवीन जिला बनाए जाने से उसकी गौरवशाली इतिहास एक बार पुनः स्थापित हो सकता है

Back to top button