बसना: स्कूटी से 6.40 किलो गांजा बरामद, बसना में खपाने ले जा रहा था विधि से संघर्षरत बालक

बसना। बसना पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर एक स्कूटी से 6.40 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। कार्रवाई में एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने गांजा, स्कूटी और मोबाइल सहित कुल 3 लाख 90 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अगस्त को थाना बसना एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की टीम द्वारा पदमपुर रोड स्थित ग्राम पलसापाली बैरियर, अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पदमपुर (ओडिशा) की ओर से एक एक्टिवा स्कूटी क्रमांक OD 03-AE-8907 में दो व्यक्ति अवैध गांजा लेकर बसना की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस टीम को अलर्ट कर दिया गया।
कुछ ही देर बाद संदिग्ध स्कूटी पहुंचने पर पुलिस टीम ने वाहन सवार विधि से संघर्षरत बालक को पकड़कर पूछताछ की। उसके बताए अनुसार वह खेरमंडीगढ़, थाना घंटापड़ा, जिला बौद्ध (ओडिशा) का निवासी है।
पुलिस द्वारा स्कूटी की तलाशी लेने पर पैरदान के पास रखी एक प्लास्टिक बोरी में 6.40 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह बौद्ध (ओडिशा) से गांजा खरीदकर बसना में रोशन मांझी नाम के एक संपर्क व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहा था।
पुलिस ने मामले में विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की है। जब्त किए गए सामान में 3 लाख रुपये कीमत का 6.40 किलो गांजा, 80 हजार रुपये कीमत की एक स्कूटी तथा 10 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल शामिल है। इस प्रकार कुल 3 लाख 90 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।