एक साथ 3 इलाकों में पुलिस की रेड, अवैध शराब के साथ 4 गिरफ्तार… ढाबे में भी चल रहा था खेल!,,ढाबे में भी चल रहा था खेल!
सरायपाली, सिंघोड़ा और पिथौरा क्षेत्र में पुलिस की रेड, 22.190 लीटर अवैध शराब जब्त

महासमुंद। जिले में अवैध महुआ एवं देशी शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ महासमुंद पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने सरायपाली के ग्राम बालसी, सिंघोड़ा के ग्राम कंवरपाली तथा पिथौरा क्षेत्र के लहरौद स्थित सीजी-53 ढाबा में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान कुल 4 अलग-अलग प्रकरणों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 22.190 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत करीब 4,540 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार 25 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
बालसी में 10 लीटर महुआ शराब जब्त
थाना सरायपाली पुलिस ने ग्राम बालसी में कार्रवाई करते हुए विक्रम रात्रे (23 वर्ष) को 10 लीटर देशी हाथभट्ठी महुआ शराब के साथ पकड़ा। आरोपी शराब को बिक्री के लिए रखे हुए था। जब्त शराब की कीमत करीब 2,000 रुपये बताई गई है। मामले में अपराध क्रमांक 275/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।
कंवरपाली में 12 लीटर शराब बरामद
थाना सिंघोड़ा पुलिस ने ग्राम कंवरपाली में नेहरू लाल रौतिया (68 वर्ष) के घर की बाड़ी में दबिश दी। यहां बिक्री के लिए रखी 12 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2,400 रुपये है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 97/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
ढाबा और दुकान में शराब पीने-पिलाने की सुविधा मिली
थाना पिथौरा पुलिस ने सीजी-53 ढाबा, लहरौद में भी रेड की। पुलिस के मुताबिक ढाबा संचालक विरेन्द्र कुमार पटेल (31 वर्ष) ग्राहकों को शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराते मिला। मौके से 100 एमएल देशी प्लेन शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 70 रुपये है।
इसी तरह लहरौद में तारणीश शुक्ला (27 वर्ष) की दुकान पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार दुकान में लोगों को शराब पीने-पिलाने की सुविधा दी जा रही थी। मौके से 90 एमएल देशी प्लेन शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 50 रुपये है। दोनों मामलों में धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि जिले में होटल, ढाबा, गुमटी और ठेलों में अवैध रूप से शराब बिक्री एवं शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ छापामार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों पर पुलिस की नजर है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।