मामूली बात पर मचा बवाल, चाकू और कुल्हाड़ी से हमला; तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

महासमुंद। नयापारा वार्ड क्रमांक-06 में सिगरेट मांगने की मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान तीन आरोपियों ने मिलकर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड नं. 06 नयापारा निवासी वेंकट राव ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सिगरेट मांगने की बात को लेकर तिरथ साहू गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। इसके बाद उसने अपने भाई सुखदेव साहू और पिता बिसम्भर साहू को भी मौके पर बुला लिया।
विवाद बढ़ने पर सुखदेव साहू ने चाकू से तथा बिसम्भर साहू ने टंगिया (कुल्हाड़ी) से हत्या की नीयत से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सज्जू खान के सीने और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। वहीं राकेश चौहान के हाथ व पीठ तथा प्रार्थी वेंकट राव के हाथ, कोहनी और कमर में चोट लगी है।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आदित्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना महासमुंद पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध BNS की धारा 296, 109(1) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी:
1.सुखदेव साहू, निवासी नयापारा, महासमुंद
2.तिरथ साहू, निवासी नयापारा, महासमुंद
3.बिसम्भर साहू, निवासी ग्राम मौहारी भांठा, महासमुंद