पीएम श्री विद्यालय परिसर पिथौरा में सरस्वती सायकल वितरण, बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने 220 छात्राओं को बांटी सायकलें

पिथौरा। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय रणजीत कृषि विद्यालय परिसर में एक भव्य एवं गरिमामय वातावरण में निःशुल्क सरस्वती सायकल वितरण समारोह का सफल आयोजन संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम पीएम श्री विद्यालय तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिथौरा के संयुक्त तत्त्वावधान में आयोजित किया गया था। इस समारोह में बसना विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा विधिवत् पूजा-अर्चना के साथ किया। पूजा-अर्चना के उपरांत विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और कहा कि विद्यार्थियों को पूरी लगन, निष्ठा और मेहनत के साथ अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिससे समाज और देश का विकास संभव है। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अपने संबोधन को आगे बढ़ाते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने साय सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सरकार की प्राथमिकता दूर-दराज के क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए शिक्षा के मार्ग को सुगम और सुलभ बनाना है, ताकि कोई भी बेटी साधन के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे।
छात्राओं को सायकल वितरित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि यह सायकल केवल एक वाहन नहीं है, बल्कि यह आपकी शिक्षा की राह में आने वाली दूरी की बाधा को समाप्त करने का एक सशक्त साधन है। इससे दूर-दराज के गांवों से आने वाली बेटियों का समय बचेगा और वे उस समय का उपयोग अपनी पढ़ाई में बेहतर ढंग से कर सकेंगी।
इस गरिमामय वितरण समारोह में पिथौरा की कुल 220 छात्राएं लाभांवित हुईं। इसमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिथौरा की 168 छात्राओं और पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय रणजीत कृषि विद्यालय की 52 छात्राओं को विधायक के हाथों निःशुल्क सायकलें प्रदान की गईं। सायकल प्राप्त कर सभी छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।
पिथौरा जनपद पंचायत अध्यक्ष ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं के सशक्तिकरण और उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखने में सरस्वती सायकल योजना मील का पत्थर साबित हो रही है। सायकल मिलने से दूर-दराज के गांवों से आने वाली छात्राओं को आवागमन में सुविधा होगी और उनके समय की बचत होगी, जिससे वे अपनी पढ़ाई पर बेहतर ध्यान दे सकेंगी।
पिथौरा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने कहा कि प्रदेश की साय सरकार बेटियों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे बिना किसी अड़चन के उच्च शिक्षा प्राप्त कर क्षेत्र व समाज का नाम रोशन करेंगी।
जिला भाजपा प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालयीन छात्राओं को निःशुल्क सायकल वितरण से न केवल बेटियों का हौसला बुलंद होगा, बल्कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बालिकाओं के ड्रॉपआउट रेट में भी भारी कमी आएगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत पिथौरा ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत पिथौरा ब्रह्मानंद पटेल,जिला प्रवक्ता भाजपा स्वप्निल तिवारी, विधायक प्रतिनिधि बसना कैलाश अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि एवं जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे, एल्डरमैन नरेश सिंघल,जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा विजय नायक,पार्षद हेमकुंवर सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि पुष्पराज गजेंद्र, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र पांडेय,भाजपा नेता संजय गोयल, वरिष्ठ पत्रकार गौरव चंद्राकर,महिला मोर्चा संयोजक आईटी सेल वर्षा सोनी, उपाध्यक्ष कन्या शाला पिथौरा हंसराज निशाद, उपाध्यक्ष पीएम श्री पिथौरा धनुराम सिन्हा, राजा उपाध्याय,स्थानीय जनप्रतिनिधि, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के सदस्य, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।