सांकरा:

सांकरा: पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान को लेकर विवाद, सेल्समैन से मारपीट कर पैसे छीनने का प्रयास

सांकरा। महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र स्थित रामा एचपी फ्यूल पेट्रोल पंप में देर रात पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि तीन अज्ञात युवकों ने पहले पेट्रोल के पैसे देने में आनाकानी की और बाद में लौटकर पेट्रोल पंप के सेल्समैन के साथ मारपीट करते हुए उससे पैसे छीनने का प्रयास किया। मामले में सांकरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मेमरा निवासी 19 वर्षीय तरुण यादव रामा एचपी फ्यूल पेट्रोल पंप में सेल्समैन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 20 जुलाई 2026 की रात करीब 12:50 बजे तीन अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से पेट्रोल भरवाने पहुंचे। पेट्रोल भरवाने के बाद उन्होंने भुगतान करने में आनाकानी शुरू कर दी, जिससे विवाद की स्थिति बन गई। काफी बहस के बाद आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति के फोनपे से 150 रुपये का भुगतान कराया और वहां से चले गए।

शिकायत के अनुसार, करीब 10 मिनट बाद तीनों युवक दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए तरुण यादव को बाहर खींच ले गए। आरोप है कि उन्होंने पैसे छीनने का प्रयास किया और विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। घटना में तरुण यादव के सिर और पीठ में चोटें आई हैं।

पीड़ित की लिखित शिकायत पर सांकरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

Back to top button