सांकरा: लापरवाही से चला रहे ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, युवक का हाथ व पैर फ्रैक्चर

सांकरा। महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ेटेमरी के पास एक तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलाए जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के दाहिने हाथ और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका उपचार महासमुंद स्थित सोहन अस्पताल में जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़ेटेमरी निवासी राजेश साहू ने थाना सांकरा में शिकायत दर्ज कराई है कि उनका छोटा भाई निमेश साहू (34 वर्ष) 6 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GA 8961 से सांकरा से अपने घर बड़ेटेमरी पुराना टुकड़ा लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम बड़ेटेमरी धान मंडी के आगे मोड़ पर झगरेनडीह की ओर से आ रहे आयशर ट्रैक्टर क्रमांक CG 06 GJ 3165 के चालक ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में निमेश साहू के दाहिने हाथ की हड्डी टूट गई, वहीं दाहिने पैर की जांघ के पास फ्रैक्चर हो गया। दुर्घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए महासमुंद के सोहन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
आवेदक की लिखित शिकायत पर सांकरा पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों एवं ट्रैक्टर चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।