बसना। पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 क्विंटल 15 किलो गांजा के साथ 5 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

बसना। पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 क्विंटल 15 किलो गांजा के साथ 5 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 7 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा परिवहन में प्रयुक्त 5 मोटरसाइकिल, 5 मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री सहित कुल 1 करोड़ 11 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार – 9 मई 2026 को थाना बसना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से पांच मोटरसाइकिलों में गांजा भरकर मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर बसना थाना के सामने पदमपुर मार्ग पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए अनुसार पांच मोटरसाइकिलें कतारबद्ध आती दिखाई दीं, जिन्हें रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिलों में लगाए गए लोहे के जालों में छिपाकर रखी गई सफेद प्लास्टिक बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में 1. मेताप टाटिया निवासी खंडवा, 2. रमेश चौहान एवं 3. राजू कुमावत निवासी बैतूल, 4. दीपक राजपूत निवासी ललितपुर तथा 5 5 5. प्रकाश बंजारा निवासी रायसेन शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से कुल 215 किलो गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश जा रहे थे और इस पूरे नेटवर्क का संचालन रायसेन निवासी किशन नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा था। पुलिस को तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी मिली है, जिनकी तलाश अभी जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)(ii)(C) NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।