पिथौरा

पिथौरा। ऑनलाइन सट्टा संचालन का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

पिथौरा। थाना पिथौरा पुलिस द्वारा नियमित पेट्रोलिंग के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर 06, मंदिर चौक क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा संचालन करने वाले आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार – पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नमन गोयल नामक व्यक्ति अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाकर अवैध रूप से धन अर्जित कर रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी।

घेराबंदी कर की गई रेड कार्रवाई में एक व्यक्ति मौके पर मिला, जिसने पूछताछ में अपना नाम नमन गोयल (उम्र 29 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 06, मंदिर चौक पिथौरा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन एवं 9,800 नगद बरामद हुए।

मोबाइल की जांच करने पर उसमें ऑनलाइन सट्टा संचालन से संबंधित गतिविधियां पाई गईं। आरोपी द्वारा लोगों से सट्टे के पैसे नकद लेने एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से दांव लगाने की पुष्टि हुई। मौके पर मोबाइल से सट्टे से संबंधित स्क्रीनशॉट भी लिए गए, जिन पर आरोपी एवं गवाहों के हस्ताक्षर कर विधिवत पंचनामा तैयार किया गया।

पूछताछ में आरोपी सट्टा संचालन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:

2 स्क्रीनशॉट
9,800 नगद
विवो Y51A मोबाइल (कीमत लगभग ₹15,000) को जप्त किया गया।

आरोपी का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के अंतर्गत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

Back to top button