पिथौरा

पिथौरा। अवैध डीजल कारोबार का भंडाफोड़: 3 आरोपी गिरफ्तार, 6 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

पिथौरा। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से डीजल की खरीदी-बिक्री और भंडारण करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से भारी मात्रा में डीजल, उपकरण और एक वाहन जब्त किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार- ग्राम मेमरा स्थित यादव किराना स्टोर्स/मकान में अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ (डीजल) का भंडारण किया जा रहा था। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां एक आयशर माजदा वाहन (क्रमांक CG 23 H 7776) से डीजल निकालकर बेचते हुए तीन व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों में –

निर्मल यादव (32 वर्ष), निवासी ग्राम मेमरा
खेमराज पटेल (20 वर्ष), निवासी ग्राम चिखली
गिरधर सिन्हा (35 वर्ष), निवासी फुलकर्रा, जिला गरियाबंद

जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से लगभग 150 लीटर डीजल, विभिन्न ड्रम, पाइप, मापक उपकरण तथा उक्त वाहन जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹6,15,900 आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी निर्मल यादव अपने किराना दुकान/मकान में बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के डीजल का भंडारण कर रहा था और कम कीमत पर ट्रक चालकों से डीजल खरीदकर अधिक दाम पर बेचता था। इस अवैध कार्य में खेमराज पटेल उसका सहयोग कर रहा था, जबकि वाहन चालक गिरधर सिन्हा द्वारा वाहन से डीजल चोरी कर सप्लाई किया जा रहा था।

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287, 303(2), 317(2), 3(5) एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में लिया गया है।

Back to top button