Uncategorized

बसना में मवेशी तस्करी पर पुलिस का शिकंजा: दो दिनों में 34 मवेशी बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

बसना। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। थाना बसना एवं चौकी भंवरपुर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 34 मवेशी बरामद कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मवेशी तस्करों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार 16 मार्च 2026 की सुबह भंवरपुर चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक राजेश कुमार सोनी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग बड़ी संख्या में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते हुए पैदल हांककर बड़ेसाजापाली रोड होते हुए ग्राम झारबंद की ओर से ओडिशा की तरफ कत्लखाने ले जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी की। इस दौरान तीन व्यक्ति कई मवेशियों को पैदल हांकते हुए जाते मिले। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम छेडूलाल साहू (65) निवासी झुमका थाना सरसींवा जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, पंचराम हरवंश (60) निवासी मिरौनी थाना हसौद जिला शक्ति तथा जगजीवन भास्कर (48) निवासी डोमाडीह थाना सारंगढ़ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ बताया।

मौके पर मवेशियों की गिनती करने पर आरोपियों के कब्जे से 5 सफेद रंग के बैल, 18 लाल रंग के बैल और 2 सफेद-काले रंग के बैल सहित कुल 25 बैल बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी जगजीवन भास्कर के पास से जियो भारत कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। मवेशियों के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने सभी 25 मवेशियों को जब्त कर लिया। उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशु शल्य चिकित्सा अधिकारी बसना को सूचना दी गई है तथा मवेशियों को गौशाला में रखने की व्यवस्था की जा रही है।

वहीं 15 मार्च 2026 को थाना बसना पुलिस ने भी मवेशी तस्करी के दो मामलों में कार्रवाई की। पुलिस ने ग्राम खटखटी के पास एक पिकअप वाहन क्रमांक CG 06 GG 5574 को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर डाला में 3 बैल रस्सी से बंधे हुए बिना चारा-पानी के पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

इसी दौरान पुलिस ने एक अन्य पिकअप वाहन क्रमांक OD 03 AC 6670 को रोककर जांच की, जिसमें 6 भैंसे भरी हुई पाई गईं। परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने भक्तान मेहेर उर्फ पिंटू (46 वर्ष) निवासी पटनागढ़ जिला बालांगीर (ओडिशा) तथा जोगा कालिया (23 वर्ष) निवासी सिंगामुंडाव जिला बालांगीर (ओडिशा) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 6 भैंसे, एक महिंद्रा पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस ने सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से क्षेत्र में मवेशी तस्करी करने वालों में खलबली मच गई है।

Back to top button