बसना: भागवत कथा में महिला चैन स्नैचर गिरफ्तार, 80 हजार का मंगलसूत्र बरामद

बसना। चैन स्नैचिंग के मामले में बड़ी सफलता मिली है। भंवरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम उड़ेला में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा एवं मेला कार्यक्रम के दौरान एक महिला द्वारा चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 मार्च 2026 की शाम लगभग 7 बजे प्रार्थिया अपने परिवार के साथ ग्राम उड़ेला में चल रहे श्रीमद् भागवत कथा कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह भोजन के लिए लाइन में खड़ी थी। इसी दौरान पीछे खड़ी एक अज्ञात महिला ने प्रार्थिया के गले में पहना हुआ मराठी मंगलसूत्र (काला मोती सहित) खींचकर भागने का प्रयास किया।
महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद महिलाओं और पुलिस की मदद से संदेही महिला को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से प्रार्थिया का मंगलसूत्र बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब 12 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जा रही है, जब्त कर लिया।
इस मामले में भंवरपुर चौकी अंतर्गत थाना बसना में अपराध क्रमांक 114/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी महिला की पहचान सोना गरुडी पति किशन धनदेई (30 वर्ष), निवासी रेडा थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस की अपील
महासमुंद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बड़े धार्मिक या सार्वजनिक कार्यक्रमों में अत्यधिक सोने-चांदी के आभूषण पहनकर न जाएं। ऐसे आयोजनों में चैन स्नैचिंग करने वाले गिरोह सक्रिय रहते हैं और मौका पाकर वारदात को अंजाम देते हैं।