छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज…गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना

हरिमोहन तिवारी रायपुर. छत्तीसगढ़ का मौसम बदल गया है। प्रदेश और झारखंड से उठी चक्रवाती हवाओं से बदलाव आया है। आकाशीय बिजली गिरने की संभावना के साथ प्रदेश के आसमान में बादल छा गये हैं। मौसम की इन परिस्थितियों की वजह से आसमानी बिजली गिरने का खतरा बन गया है। वहीं गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया, अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि के साथ विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर में आने वाले दो से तीन दिनों में गर्मी बढ़ने वाली है। इस अवधि में मौसम शुष्क रहने के साथ ही आकाश साफ रहेगा।
आने वाले तीन दिनों के अंदर राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। हालांकि बस्तर संभाग में अभी थोड़ी नमी बनी रहेगी। वहां के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष फर्क नहीं आएगा।
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के एच पी चंद्रा ने बताया, एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर स्थित है। दूसरा ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक झारखंड के ऊपर भी स्थित है।
एक द्रोणिका झारखंड से छत्तीसगढ़, तेलंगाना होते हुए उत्तरी-अंदरूनी कर्नाटक तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। प्रदेश में 19 अप्रैल को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंदर चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।