बड़ी खबर: गरियाबंद जिले में पिता ने दो बच्चों के साथ की खुदकुशी मचा हड़कंप

विक्रम कुमार नागेश गरियाबंद 06 अगस्त। पीपरछेड़ी थाना के मदनपुर गांव में आज एक बड़ी घटना हो गई। एक पिता ने अपने दो बच्चों के साथ खुदकुशी कर ली। घटना देर शाम 5 बजे की बताई जा रही है। घटना के पीछे क्या कारण है इसका खुलासा नहीं हो पाया है हालांकि पुलिस ने परिवारिक कारण होने की शंका जाहिर की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि मदनपुर के यादराम यादव (30 वर्ष) ने अपने दो बच्चों प्रमोद (6 वर्ष) और चेतन (4 वर्ष) के साथ आज अपने घर में खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब याद राम का पिता शाम 5:00 बजे खेत से घर लौटा। उन्होंने दरवाजा खोला तो घर में तीन लाश लटकी हुई थी। उन्होंने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर खुद मौके पर पहुंचे और उन्होंने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पीएम के लिए रवाना कर किया। तीनो शव एक ही कमरे में तीन अलग अलग रस्सी से लटके हुए थे। श्री राठौर ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने पत्नी के साथ परिवारिक विवाद होने की बात कही है।
परिजनों के मुताबिक मृतक यादराम रक्षाबंधन के समय अपने ससुराल हरदी गया था लेकिन वहां से जब वापस लौटा तो उनकी पत्नी नहीं आई और वह अपने दो बच्चों के साथ घर वापस लौट आया। आज उसने अपने दोनों बच्चों के साथ खुदकुशी कर ली।
ग्रामीणों ने बताया कि यादराम नशा सेवन का आदी था और कहीं बार नशे की हालत में कुछ भी करने को तैयार रहता था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसे कौन से परिवारिक विवाद थे जिसके चलते यादराम को खुदकुशी करने पर मजबूर होना पड़ा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई और दूसरा कारण तो नहीं है।