
महासमुंद/बसना। बसना विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत धान खरीदी केन्द्रो में धान का जल्द उठाव नहीं होने से जाम की स्थिति निर्मित हो गयी है। केन्द्रीय सहकारी बैंक मर्यादित शाखा बसना,पिरदा,सांकरा,भंवरपुर के अंतर्गत आने वाले धान खरीदी केन्द्रों मे धान की खरीदी भारी मात्रा में हुई है। धान खरीदी केन्द्रों के धान का उठाव नहीं होने से सहकारी समिति के संचालक मण्डल व समिति प्रभारी काफी परेशान हैं।
समयानुसार धान का उठाव नही होने से समिति को भारी नुकसान होगा। खरीदी प्रभारियो के ऊपर चिंता के बादल छाये हुये हैं। विभिन्न समिति के प्रभारियो ने बताया कि बम्फर लिमिट जो दिया गया है उससे चार गुना ज्यादा धान खरीदी हुआ है। भारी मात्रा मे आज भी पड़ा हुआ है जिसका उठाव जल्द नहीं हो रहा है। धान खरीदी के 72 घंटे मे उठाव होना चाहिये परंतु 72 दिन होने जा रहा है।
सहकारिता विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से ध्यान देने की जरूरत है। ख़रीदी प्रभारियो ने बताया कि हम लोगों के ऊपर अधिकारियों का ऐसा दबाव रहता है कि हम बता नहीं सकते। खरीदी केन्द्रों मे दिन रात हमे रहना पड़ रहा है। नये कलेक्टर साहब आये हैं उनसे उम्मीद थी कि जल्द धान का उठाव होगा परंतु कुछ भी असर नहीं हुआ। इधर कोरोना महामारी पांव पसार रही है। समस्या से निजात कैसे मिलेगा भगवान ही मालिक है। प्लास्टिक बोरा धूप लगने से फट रहा है धान के अंदर चूहे भी अपना घर बनाकर नुकसान पहुंचा रहे हैं।