बसना : आबादी पट्टे की जमीन पर घर बनाने को लेकर विवाद, महिला से धक्का-मुक्की; ड्रिल मशीन से जान से मारने की धमकी का आरोप

छत्तीसगढ़ भूमि न्यूज़ | बसना। जिले के ग्राम बरबसपुर में आबादी पट्टे की जमीन पर मकान निर्माण को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक महिला ने गांव के ही चार लोगों पर गाली-गलौज करने, धक्का-मुक्की करने और ड्रिल मशीन चलाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, श्रीमती कुसुम साहू ने अपने आबादी पट्टे की जमीन पर मकान बनाया है। आरोप है कि 21 नवंबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे गांव के दैत्य कुमार साहू, लखन पटेल, रविशंकर प्रधान और मोहन गड़तिया वहां पहुंचे। चारों ने मकान निर्माण को लेकर आपत्ति जताते हुए महिला के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की की।
महिला का आरोप है कि इस दौरान आरोपितों ने ड्रिल मशीन चलाकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के समय उनके भतीजे कैलाश साहू, एकाराम साहू और पति प्लारेलाल साहू मौजूद थे, जिन्होंने घटना को देखा और सुना। शिकायतकर्ता ने बताया कि धमकी के बाद से वह भयभीत है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।