बसना

महासमुंद/बसना:सम्पत के एक बैठक से ‘भाजपा’ मे मची खलबली

भाजपा जिलाध्यक्ष ने मंडल अध्यक्षों को दिए निर्देश- निष्कासित व्यक्ति के बुलावे में न जाए

महासमुंद/बसना। विधानसभा क्षेत्र बसना मे नीलांचल सेवा समिति एक बार फिर सक्रिय हो गया है। समिति के अध्यक्ष संपत अग्रवाल के निवास मे बैठकों का दौर चल रहा है। इधर नीलांचल सेवा समिति के बैठक से भाजपा मे खलबली मच गई है ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा क्षेत्र बसना को दस मण्डल मे विभाजित किया गया है। प्रत्येक पांच से सात गांवों को मिलाकर एक एक जोन बनाया गया है। मण्डल और जोन स्तर के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का कार्य युध्द स्तर पर चलाया जा रहा है। संपत अग्रवाल के नेतृत्व में एक रणनीति के तहत योजनाबद्ध तरीके से काम को अंजाम दिया जा रहा है।

बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव मे निर्दलीय प्रत्याक्षी संपत अग्रवाल ने भाजपा से टिकट न मिलने पर बागी होकर चुनाव लड़ा था। भाजपा को तीसरे नंबर पर पहुंचाते हुए पचास हजार से अधिक वोट हासिल कर एक बड़ा जनाधार प्राप्त कर मजबूती से अपने आपको स्थापित किया है। नीलांचल सेवा समिति के बैनर तले नगरीय निकाय चुनाव लड़ा था,जिसमे उन्हें सफलता मिली और नगर पंचायत बसना अपने कब्जे मे ले लिया। जनपद पंचायत मे भी अपने प्रत्याशी को 11 वोट दिलाकर बसना जनपद क्षेत्र मे अपना लोहा मनवा लिया।

संपत अग्रवाल ने भाजपा से प्रबल दावेदारी करते हुए टिकट मांग की थी लेकिन भाजपा ने स्थानीय को दरकिनार करते हुए बाहरी व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया था जिसका परिणाम करारी हार के रूप मे देखना पड़ा था। भारतीय जनता पार्टी ने संपत अग्रवाल को बागी होकर चुनाव मैदान मे आने के कारण छ़ः वर्ष के लिये निष्कासित कर दिया। संपत अग्रवाल भाजपा से निष्कासित जरूर हैं परंतु अपने आपको भाजपा का ही समझते हैं। भाजपा मे जाने के इच्छुक दिखाई देते हैं।

सबसे अहम पहलू यह है कि नीलांचल सेवा समिति की सक्रियता से भाजपा मे खलबली मच गई है चूंकि बसना विधान सभा क्षेत्र के अधिकांश नेता और कार्यकर्ता नीलांचल सेवा समिति के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। इधर भाजपा की जिलाध्यक्ष श्रीमती रूप कुमारी चौधरी ने मण्डल अध्यक्षों को निर्देश जारी किया है कि कोई भी मण्डल का कार्यकर्ता पार्टी के निष्कासित व्यक्ति बैठक मे न जायें। अगर पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता पार्टी विरोधी गतिविधियों मे शामिल होता है तो भाजपा के द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी।

भाजपा से निष्कासित व्यक्ति ने हमारे पार्टी के कार्यकर्ताओं को धोखे से बुला लिया ऐसा खबर मिला था जिस पर मैने मण्डल अध्यक्षों को सूचित किया है कि कोई भी कार्यकर्ता उक्त बैठक मे न जायें। इसके बावजूद अगर कोई कार्यकर्ता जाता है तो पार्टी के द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी।

श्रीमती रूपकुमारी चौधरी
जिलाध्यक्ष, भाजपा महासमुन्द

मैं स्वयं भाजपा समर्पित हूं। विगत दिनों पूर्व मेरे कार्यकर्ताओं व नीलांचल सेवा समिति के सदस्यों की बैठक आहूत की गई। जिसमें समिति को सक्रिय व मजबूत बनाने की दिशा मे चर्चा किया गया। उक्त बैठक मे भाजपा के वरिष्ठजन और मेरे श्रेष्ठ कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक के दौरान कोरोनाकाल में सतर्क रहने और कोविड गाइडलाइन का पालन करने के साथ-साथ वैक्सीन लगाने हेतु अपील किया गया। मेरे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने से भाजपा जिलाध्यक्ष को दिक्कत है तो उसे मै क्या कर सकता हूँ। मेरी विचारधारा हमेशा भाजपा से जुड़ी हुई है।
संपत अग्रवाल
अध्यक्ष, नीलांचल सेवा समित

Back to top button
error: Content is protected !!