बसना ग्रामीण वितरण केंद्र में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का भव्य आयोजन,नियमित उपभोक्ताओं व पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों का हुआ सम्मान

देशराज दास बसना। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, बसना ग्रामीण वितरण केंद्र द्वारा ग्राम जगदीशपुर में भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती रिद्धि मनसा नायक ग्राम पंचायत जगदीशपुर एवं श्रीमती नवलीन मांझी ग्राम पंचायत नरसिंहपुर के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्युत विभाग द्वारा बीते 25 वर्षों में किए गए कार्यों, विद्युत सेवाओं के विस्तार एवं उपभोक्ता सहभागिता पर प्रकाश डाला गया।
महोत्सव के दौरान बीपीएल कनेक्शन के मानक अनुरूप खपत करने वाले उपभोक्ताओं, पिछले दो वर्षों से नियमित भुगतान करने वाले घरेलू, गैर-घरेलू एवं कृषक उपभोक्ताओं, साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रथम पाँच लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महोदया ने विद्युत क्षेत्र में हो रही निरंतर प्रगति की सराहना करते हुए आम जनता से अपील की कि वे शासन की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर प्लांट स्थापना हेतु दी जा रही सब्सिडी का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस अवसर पर बसना उपसंभाग के सहायक अभियंता एन. के. आदित्य ने क्षेत्र में किए गए विद्युत विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने कहा कि बीते 25 वर्षों में कंपनी ने शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में विद्युत पहुंच का व्यापक विस्तार किया है।
उन्होंने कृषक जीवन ज्योति योजना, एकल बत्ती योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना तथा उपभोक्ता समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु विभाग द्वारा विकसित ‘मोर बिजली’ मोबाइल ऐप की विस्तृत जानकारी भी दी।
महोत्सव के दौरान कंपनी की 25 वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्युत विस्तार, स्मार्ट मीटर जैसी नवीन तकनीकों एवं पीएम सूर्य घर योजना से संबंधित जानकारियाँ प्रदर्शित की गईं।
कार्यक्रम का मंच संचालन शैलेष तांडी सहायक लाइनमैन, बसना ग्रामीण द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन जी. एस. राठिया कनिष्ठ अभियंता, बसना ग्रामीण ने किया।
कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, उपभोक्तागण एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में जानकारी दी गई कि उप-संभाग बसना के अंतर्गत दिनांक 02 फरवरी 2026 को गढ़फुलझर वितरण केंद्र में भी रजत जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई।