सिंघोड़ा

सरायपाली/सिंघोड़ा: एनएच-53 पर गांजा तस्करी का खुलासा, बाइक सवार दो आरोपी गिरफ्तार

15.72 किलो गांजा समेत 8.36 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे खेप

सरायपाली/सिंघोड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिंघोड़ा पुलिस ने एनएच-53 पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो आरोपियों को 15.720 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 7 लाख 86 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, दो मोबाइल और मोटरसाइकिल सहित कुल 8 लाख 36 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल क्रमांक MH 27 DM 0691 में दो व्यक्ति पीठ्ठू बैग में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर सिंघोड़ा पुलिस ने एनएच-53 स्थित ग्राम गनियारीपाली के पास चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक मोटरसाइकिल वहां पहुंची, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की। मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम कलीम शेख (33 वर्ष) निवासी पेठरघुनाथपुर, थाना मंगरूल दस्तगिर, जिला अमरावती (महाराष्ट्र) बताया, जबकि पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान राजेश धुनधरे (24 वर्ष) के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद पीठ्ठू बैग से 15.720 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा बिनका, जिला सोनपुर (ओडिशा) से अमरावती, महाराष्ट्र ले जाने की बात पुलिस को बताई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15.720 किलो गांजा कीमत 7,86,000 रुपये, दो मोबाइल फोन कीमत 10,000 रुपये तथा एक मोटरसाइकिल कीमत 40,000 रुपये जब्त की। कुल जब्ती की कीमत 8,36,000 रुपये आंकी गई है।

मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)ii(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने प्रकरण को विवेचना में लिया है।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देशानुसार पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के सोर्स प्वाइंट से लेकर डेस्टिनेशन प्वाइंट तक प्रभावी कार्रवाई और वित्तीय जांच पर भी जोर दिया जा रहा है।

Back to top button