सरायपाली: सड़क सुरक्षा की नई पहल: सरायपाली में 100 लोगों को निःशुल्क हेलमेट वितरित, दुर्घटना पीड़ित परिवारों को बनाया जागरूकता अभियान का हिस्सा

सरायपाली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस ने सरायपाली व्यापारी महासंघ के सहयोग से थाना सरायपाली परिसर में विशेष यातायात जनजागरूकता एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 100 लोगों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए, जिनमें अधिकांश लाभार्थी सड़क दुर्घटनाओं में अपने परिजनों को खो चुके परिवारों के सदस्य थे।

कार्यक्रम का नेतृत्व एसडीओपी ललिता मेहर ने किया। इस अवसर पर सरायपाली व्यापारी महासंघ के पदाधिकारी, वरिष्ठ व्यापारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की सबसे भावुक और प्रेरक पहल यह रही कि सड़क हादसों में अपनों को खो चुके परिवारों को मंच पर आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए गए। इसके माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि यातायात नियमों की एक छोटी-सी अनदेखी पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है।
इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे मजबूत कवच है।
पुलिस ने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत होती है, जबकि हेलमेट पहनने से मृत्यु और गंभीर चोट की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है।
सरायपाली व्यापारी महासंघ के प्रतिनिधियों ने महासमुंद पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों को भी सड़क सुरक्षा जागरूकता में उनके योगदान के लिए हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वयं हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और परिचितों को भी नियमित रूप से हेलमेट उपयोग के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।