सरायपाली

रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई से सरायपाली के दो चोरी हुए बाइक मालिकों को मिली राहत, महीनों बाद दर्ज हुई एफआईआर

सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र से वर्ष 2026 की शुरुआत में चोरी हुई दो मोटरसाइकिलों के मामले में आखिरकार एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दोनों वाहन रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर थाना पुलिस द्वारा बरामद किए जाने के बाद वाहन मालिकों ने सरायपाली थाना पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

पहला मामला ग्राम अमरकोट निवासी एवं सरायपाली स्थित पंकज इंजीनियरिंग वर्क्स के संचालक श्याम कुमार पटेल का है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 7 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे वह अपनी हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG06 GP 9344) से सरायपाली सब्जी मंडी गए थे। सब्जी खरीदने के बाद लौटने पर उनकी मोटरसाइकिल पार्किंग स्थल से गायब मिली। काफी तलाश के बावजूद वाहन का कोई पता नहीं चला। उन्होंने स्वयं स्तर पर खोजबीन जारी रखी और तत्काल थाना में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। बाद में चक्रधर नगर थाना, रायगढ़ से सूचना मिली कि उनकी मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है, जिसके बाद उन्होंने सरायपाली थाना में लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराई।

दूसरा मामला सरायपाली के वार्ड क्रमांक 14 निवासी मुकेश कुमार पटेल का है। उन्होंने बताया कि 8 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG06 GQ 9010) से ग्राम बालसी स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वाहन को पार्किंग में खड़ा करने के बाद जब लगभग एक घंटे बाद लौटे तो मोटरसाइकिल चोरी हो चुकी थी। आसपास काफी खोजबीन करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने भी तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई और स्वयं तलाश करते रहे। बाद में चक्रधर नगर थाना, रायगढ़ से वाहन बरामद होने की सूचना मिलने पर उन्होंने सरायपाली थाना में आवेदन प्रस्तुत किया।

दोनों मामलों में सरायपाली पुलिस ने आवेदनों की जांच के बाद अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

Back to top button